संगठन मजबूती को रथयात्रा निकालेगी झारखण्ड अभा विश्वकर्मा महासभा

रांची। अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा झारखण्ड प्रदेश की बैठक प्रदेश कार्यालय मेन रोड काली स्थान पर हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 दिलीप सोनी ने किया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि झारखण्ड प्रदेश कमेटी से 12 सदस्यों की टीम गोपालगंज बिहार में 15 नवम्बर 2019 को होने वाले महासभा की स्वर्ण जयन्ती समारोह कार्यक्रम में भाग लेने जाएंगे। यह भी निर्णय लिया गया कि प्रत्येक जिला से सूची तैयार कर संगठन के प्रति आस्था रखने वालों को प्रदेश कमेटी में स्थान दिया जाएगा। बैठक में निर्णय लेते हुये शशि शर्मा को प्रदेश संगठन सचिव बनाया गया। प्रदेश युवा मोर्चा का महासचिव पंकज प्रजापति को बनाया गया तथा रांची जिला संगठन सचिव भीम शर्मा एवं गोपाल प्रजापति को बनाया गया है। सभी पदाधिकारियों ने एकमत से विश्वकर्मा वंशजों को सत्ता में भागीदारी पर बल देते हुए कहा कि राजनीतिक पार्टी विश्वकर्मा वंशजों को विधानसभा में उचित स्थान दें।
बैठक में पदाधिकारियों ने महासभा के संगठन के प्रचार-प्रसार हेतु रथ निकालने पर भी सहमति बनाई। रथ के माध्यम से प्रत्येक जिला में प्रदेश कमेटी जाकर संगठन को मजबूत बनायेगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 दिलीप सोनी ने महिला मोर्चा, युवा मोर्चा एवं जिला के अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि 10 दिनों के अन्दर अपनी कमेटी बनाकर घोषणा करें। डॉ0 दिलीप सोनी ने कहा कि विश्वकर्मा वंशज लौहकार, काष्ठकार, ताम्रकार, शिल्पकार तथा स्वर्णकार को राजनीतिक दल विधानसभा में उचित स्थान देने का कार्य करें तभी विश्वकर्मा वंशज उस दल को वोट करेंगे और विश्वकर्मा के वंशज उस दल के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेगा। साथ ही शेड्यूल एरिया के जो दल के प्रत्याशी हमारी मांगों की पूर्ति करेगी उसी को वोट दिया जाएगा। बहुत जल्द ही अपने 5 सूत्रीय मांग पत्र लेकर विश्वकर्मा महासभा का एक शिष्टमंडल प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास से मिलेगा।
कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश प्रजापति ने अपने विचार रखते हुए कहा कि सत्ता में भागीदारी से ही हमारे समाज का विकास का रास्ता खुलेगा। विक्रांत विश्वकर्मा प्रधान महासचिव ने कहा कि अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा झारखण्ड प्रदेश की कमेटी विश्वकर्मा वंशजो को एकजुट करते हुए मजबूती से आगे बढ़ रही है। प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 दिलीप सोनी के नेतृत्व में संगठन बहुत अधिक सशक्त हुई है।
बैठक में मुख्य रूप से महिला मोर्चा अध्यक्ष ललिता देवी, युवा मोर्चा अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, कार्यकारी अध्यक्ष दिनेश प्रजापति, भीम शर्मा, गोपाल प्रजापति, राजेंद्र शर्मा, विनोद शर्मा ने भी अपने विचार रखे। बैठक का संचालन प्रदेश प्रधान महासचिव विक्रांत विश्वकर्मा ने किया और धन्यवाद ज्ञापन पंकज प्रजापति ने किया।