एबीवीएम की तीन दिवसीय राष्ट्रीय बैठक में होगा झारखण्ड का मजबूत प्रतिनिधित्व
रांची। अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा झारखंड प्रदेश की एक आवश्यक बैठक हरमू चौक स्थित होटल क्रैडल इन में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 दिलीप कुमार सोनी ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए डॉ0 दिलीप कुमार सोनी ने कहा कि झारखंड में विश्वकर्मा वंशज लौहकार, काष्टकार, ताम्रकार, शिल्पकार और स्वर्णकार की इतनी बड़ी आबादी होने के बावजूद भी राजनीतिक भागीदारी बहुत कम है, इसलिए संगठन को मजबूत करने की आवश्यकता है। झारखंड में आगामी होने वाले पंचायत चुनाव (गांव की सरकार) में भाग लेने के लिए विश्वकर्मा समाज/ वंशजों को जागरूक रहने की जरूरत है। उन्होंने सभी विश्वकर्मा बंधुओं का आह्वान किया कि अपने हक और अधिकार के लिए जागरूक और सचेत रहें ।
डॉ0 सोनी ने कहा कि अखिल भारतीय विश्वकर्मा महासभा का राष्ट्रीय अधिवेशन जो उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिला के खड्डा में दिनांक 14 , 15 और 16 नवंबर 2021 को होना तय हुआ है, उस अधिवेशन में झारखंड से 15 सदस्यों का प्रतिनिधिमंडल 13 नवंबर 2021 को उत्तर प्रदेश के लिए रवाना होगा। इस अधिवेशन में विश्वकर्मा समाज के उत्थान, विकास एवं देश स्तर पर विश्वकर्मा वंशजों की एकता पर वार्ता की जाएगी। ज्ञात हो उत्तर प्रदेश में देश का पहला विश्वकर्मा इंजीनियरिंग कॉलेज की भूमि पूजन दिनांक 15 नवंबर 2021 को कुशीनगर जिले के खड्डा में किया जाएगा।
विश्वकर्मा महासभा के प्रधान महासचिव विक्रांत विश्वकर्मा ने कहा कि बहुत जल्द झारखंड के समस्त जिलों में वार्ड स्तर से जिला इकाई का गठन कर दिया जाएगा। संगठन को विस्तार करने हेतु 15 जनवरी 2022 से प्रत्येक जिलों में भ्रमण का कार्य प्रदेश अध्यक्ष डॉ0 दिलीप कुमार सोनी के नेतृत्व में किया जाएगा।
बैठक में प्रमुख रूप से प्रदेश के वरीय उपाध्यक्ष राकेश कुमार शर्मा, संगठन सचिव शशि कुमार शर्मा, युवा अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रजापति, हजारीबाग जिला अध्यक्ष मुकेश राणा, राजकुमार राणा, किशोर कुमार राणा, रांची जिला अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा, सुनील विश्वकर्मा, संजय शर्मा, उदय कुमार, अनिल शर्मा, भीम शर्मा, गोपाल प्रजापति, कृष्णा सोनी, अमर सोनी सहित कई सदस्यगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का धन्यवाद ज्ञापन रांची जिला अध्यक्ष विनोद कुमार शर्मा ने किया।