बरेली में आयोजित हुआ मैथिल, विश्वकर्मा, शर्मा समाज का संयुक्त सम्मेलन

Spread the love

बरेली। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव पूर्वमन्त्री रामआसरे विश्वकर्मा ने बरेली में आयोजित मैथिल, विश्वकर्मा, शर्मा समाज के संयुक्त सम्मेलन को सम्बोधित किया। पूर्वमंत्री ने कहा कि विश्वकर्मा समाज की पहचान समाजवादी पार्टी की सरकार में तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव ने बनाया। विश्वकर्मा समाज के व्यक्ति को दो बार एमएलसी बनाया और दो बार सपा सरकार में मन्त्री भी बनाया। भाजपा को 25 साल तक विश्वकर्मा समाज याद नहीं आया, आज तक विश्वकर्मा समाज के लिये कोई काम नहीं किया।

जो काम सपा ने बहुत पहले कर दिया था भाजपा उसे अब कर रही है। अब जब लोकसभा चुनाव नजदीक आया है तो भाजपा ने वोट की खातिर विश्वकर्मा समाज के व्यक्ति को एमएलसी बनाया। आज भी भाजपा सरकार में एक भी मैथिल, विश्वकर्मा मन्त्री नहीं है। ऐसी स्थिति में समाज की तरक्की कैसी हो सकती है? श्री विश्वकर्मा ने कहा कि सपा सरकार में मन्त्री रहते हुये समाज की तरक्की के लिये बहुत काम किया और समाज को आगे बढ़ाया।

सम्मेलन को सम्बोधित करते हुये पूर्वमंत्री ने कहा कि भाजपा वोट की राजनीति करती है जबकि सपा समाज के हित में काम करती है। विश्वकर्मा पूजा दिवस का सार्वजनिक अवकाश सपा सरकार में दो बार जारी हुआ जिससे विश्वकर्मा समाज की पहचान बनी लेकिन भाजपा सरकार ने विश्वकर्मा पूजा दिवस का सार्वजनिक अवकाश निरस्त कर दिया। सपा सरकार ने मैथिल ब्राह्मण समाज के पूज्य भगवान परशुराम की जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था भाजपा सरकार ने परशुराम जयंती की छूट्टी को निरस्त करके मैथिल समाज का अपमान किया। भाजपा सरकार मैथिल-विश्वकर्मा समाज की पहचान मिटा रही है। सपा सरकार बनने पर भगवान विश्वकर्मा की पूजा की छुट्टी तथा भगवान परशुराम जयंती की छुट्टी पुनः घोषित की जायेगी।

आज जब मैथिल विश्वकर्मा समाज के नौजवानों को शिक्षा, नौकरी और रोजगार की जरूरत है तो भाजपा सरकार उनमें टूल किट्स बांट रही है। जो काम 25 साल पहले सपा सरकार में अति पिछड़ी जातियों को टूल्स किट्स देने का काम मुलायम सिंह यादव ने किया था वह काम भाजपा सरकार अब कर रही है। बेहतर होता विश्वकर्मा स्कीम में सरकार विश्वकर्मा समाज के नौजवानों के हाथ में टूल्स किट्स की जगह कम्प्यूटर देती तो मोदी जी का डिजिटल इंडिया बनाने का सपना साकार हो जाता और लोग देश दुनिया की जानकारी से जुड़ जाते।

कहा कि अखिलेश यादव ने सपा सरकार में इण्टर पास युवक युवतियों को 16 लाख मुफ्त लैपटॉप बिना किसी भेदभाव के वितरित किया था। अगर सपा सरकार नौजवानों को लैपटॉप दे सकती है तो भाजपा सरकार नौजवानों को लैपटॉप क्यों नहीं दे सकती? अगर बिहार सरकार पिछड़े वर्गों की जातीय जनगणना करा सकती है तो भाजपा सरकार उत्तर प्रदेश में जातीय जनगणना क्यों नहीं करा सकती? कहा कि सपा सरकार बनी तो तीन महीने के अन्दर सपा पिछड़े वर्गों की जातीय जनगणना करायेगी और सभी पिछड़ीं जातियों को उनकी जनसंख्या के अनुसार अधिकार, आरक्षण और हिस्सेदारी देने का काम करेगी। जनगणना से किसी समाज की वास्तविक स्थिति मालूम होने पर उनके तरक्की के लिये योजनाएं बनती है।

श्री विश्वकर्मा ने कहा कि समाजवादी नीतियां ही पिछड़ों और दलितों को उनका अधिकार दिला सकती है। समाजवादी रास्ते पर चलकर ही नाई समाज में पैदा हुए कर्पूरी ठाकुर बिहार के मुख्यमंत्री बने थे। समाजवादी पार्टी में रहकर विश्वकर्मा समाज में पैदा हुए राम आसरे विश्वकर्मा उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा मन्त्री बने थे। भाजपा सरकार में मैथिल विश्वकर्मा समाज का कोई मन्त्री नहीं है। इसलिए सभी अति पिछड़ी जातियों विश्वकर्मा, सोनार, प्रजापति, नाई, चौरसिया, साहू, तेली, भुर्जी, पाल, बिन्द, निषाद, मौर्य आदि समाज को समाजवादी रास्ते पर ही चलकर हक और अधिकार मिलेगा। भाजपा इन्हें अधिकार आरक्षण और सम्मान नहीं दे सकती। इसलिए सभी को समाजवादी पार्टी का साथ देकर पार्टी को मजबूत करना चाहिए।

भाजपा राज में मैथिल विश्वकर्मा समाज के लोगों पर सबसे ज्यादा उत्पीड़न व अत्याचार हो रहा है। कानपुर देहात की दो विश्वकर्मा बन्धुओं की हत्या से समाज में बहुत आक्रोश है। चित्रकूट में शर्मा समाज की बेटी के साथ बलात्कार हुआ। बांदा में विश्वकर्मा समाज की महिला की हत्या हुई लेकिन हत्यारों की अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई। पीलीभीत में शर्मा समाज की बेटी के साथ बलात्कार हुआ और उसकी हत्या भी हुई लेकिन हत्यारे आज तक गिरफ्तार नहीं हुए।। इन सभी घटनाओं में भाजपा या सरकार के किसी नेता ने विश्वकर्मा मैथिल समाज की मदद नहीं की। केवल समाजवादी पार्टी के नेताओं ने मदद की। भाजपा की सोच विश्वकर्मा समाज व पिछड़ों की विरोधी है। पिछड़े वर्ग तथा विश्वकर्मा समाज भाजपा से सतर्क रहें और समाजवादी पार्टी का समर्थन करें। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा का प्रदेश सचिव एडवोकेट राजपाल शर्मा तथा संचालन जिलाध्यक्ष नरेश प्रसाद विश्वकर्मा ने किया।

कार्यक्रम को विश्वकर्मा ब्रिगेड प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष विश्वकर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष राजेंद्र विश्वकर्मा, जिलाध्यक्ष बदायूं पुरुषोत्तम लाल शर्मा, मुकेश शर्मा बदांयू, पूर्व जिलाध्यक्ष मुरादाबाद किशनपाल शर्मा, पुष्पेन्द्र शर्मा, संजय शर्मा बदायूं, रोहिताश शर्मा, मनोहर शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, सत्यपाल शर्मा, राम कुमार शर्मा, अखिलेश शर्मा, ओमवीर शर्मा, उमेश शर्मा, नानक चंद, राजेन्द्र शर्मा, सिद्धार्थ शर्मा, उमेश शर्मा, हरीश मैथिल दातागंज, डॉ0 पवन शर्मा, अशोक शर्मा, मंजू शर्मा, सुशीला विश्वकर्मा, कंचन शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, पुत्तूलाल शर्मा, श्रीराम शर्मा, डॉ0 सत्यदेव शर्मा, एडवोकेट कुलदीप शर्मा, राजेश शर्मा, महेंद्र शर्मा, भगवत स्वरूप विश्वकर्मा शाहजहांपुर, उमेश विश्वकर्मा, डॉ0 सतीश शर्मा, सुखपाल शर्मा, आशुतोष विश्वकर्मा, अमित शर्मा आदि लोगों ने सम्बोधित किया।

-शिव प्रकाश विश्वकर्मा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: