इं0 विजेश शर्मा समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत

लखनऊ। अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मजबूत नेता इं0 विजेश शर्मा को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश कोषाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी की तरफ से जारी प्रेस विज्ञप्ति में उक्त जानकारी दी गई है। विज्ञप्ति में बताया गया है कि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पद पर एमएलसी राजपाल कश्यप के साथ 5 उपाध्यक्ष, 1 महासचिव, 1 कोषाध्यक्ष, 19 सचिव, 24 सदस्य तथा 76 विशेष आमंत्रित सदस्य बनाये गए हैं। इं0 विजेश शर्मा इसके पूर्व भी प्रदेश सचिव रह चुके हैं।
बता दें कि समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग की घोषित कार्यकारिणी में विश्वकर्मा समाज के दो लोगों को जगह मिली है। सहारनपुर निवासी इं0 विजेश शर्मा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है तो गोरखपुर के विश्वनाथ विश्वकर्मा को कार्यकारिणी का सदस्य मनोनीत किया गया है। विश्वनाथ विश्वकर्मा अखिल भारतीय विश्वकर्मा शिल्पकार महासभा के राष्ट्रीय सचिव हैं।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्वमन्त्री रामआसरे विश्वकर्मा ने अपने संगठन के पदाधिकारियों को समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की कार्यकारिणी में जगह मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुये दोनों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में ही विश्वकर्मा समाज का सम्मान है।