भाजपा ने हरियाणा से रामचन्द्र जांगड़ा को बनाया राज्यसभा प्रत्याशी

Spread the love

रोहतक। भारतीय जनता पार्टी ने रामचन्द्र जांगड़ा को हरियाणा से राज्यसभा का प्रत्याशी घोषित किया है। वर्ष 2014 में सोनीपत के गोहाना से विधानसभा चुनाव लड़ चुके श्री जांगड़ा को वर्ष 2018 में भी राज्यसभा भेजने की चर्चा जोरों पर थी पर अंत समय में नाम कट गया था।
रामचंद्र जांगड़ा जाटलैंड रोहतक के महम कस्बे के रहने वाले हैं। वे 2014 में गोहाना विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की सीट पर विधानसभा चुनाव लड़े थे लेकिन हार गए थे। वे आज तक कोई विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाए हैं। उनकी शुरुआत लोकदल (बहुगुणा) के साथ हुई थी। वह 1987 में सफीदों से उम्मीदवार बनाए गए लेकिन हार गए। हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर वर्ष 1991 में महम और फिर करनाल से वर्ष 2004 में विधानसभा चुनाव में उतारे गए। फिर उन्होंने भाजपा का दामन थामा। भाजपा में उन्हें तीन बार प्रदेश उपाध्यक्ष और दो बार ओबीसी मोर्चे का उपाध्यक्ष बनाया गया। वह पिछड़ा वर्ग मोर्चा के अध्यक्ष भी रहे।
करीब 11 साल तक भाजपा के साथ जुड़े रहने के बाद पार्टी ने वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में जांगड़ा को सोनीपत जिले की गोहाना सीट से उम्मीदवार बनाया। यहां जयसिंह ठेकेदार का टिकट काटकर जांगड़ा को आगे किया गया था लेकिन चुनाव हार गये। जांगड़ा को राज्यसभा में भेजकर भाजपा प्रदेश के पिछड़ा वर्ग को साधना चाहती है। रामचन्द्र जांगड़ा हरियाणा पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग कल्याण बोर्ड के चेयरमैन भी रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

%d bloggers like this: